चांपा में 18 नवंबर को मनेगा श्री राणी सती दादीजी का 745वाँ जन्मोत्सव,दूध अभिषेक, मेहंदी उत्सव, महामंगल पाठ और भव्य झांकी सहित होंगे अनेक धार्मिक आयोजन

चांपा। छत्तीसगढ़ के झुंझुनूं धाम के नाम से प्रसिद्ध चांपा स्थित श्री नारायणी धाम दादी मंदिर में श्री राणी सती दादीजी की लाडो नारायणी बाई सा का 745वाँ जन्मोत्सव 18 नवंबर 2026 को बड़े ही श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। इस पावन अवसर पर मंदिर परिसर में विभिन्न धार्मिक एवं आध्यात्मिक कार्यक्रमों का भव्य आयोजन किया जाएगा।
जन्मोत्सव के अवसर पर प्रातःकाल दूध अभिषेक एवं मेहंदी उत्सव के साथ कार्यक्रमों का शुभारंभ होगा। इसके पश्चात दोपहर 3:30 बजे भव्य महामंगल पाठ का आयोजन किया जाएगा। मंगल पाठ का वाचन श्रीमती बरखा अग्रवाल, जांजगीर एवं श्रीमती मौसम गोपाल मित्तल, चांपा द्वारा किया जाएगा।
सायं 4 बजे दादीजी का जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा। इस दौरान लाडो बाई सा नारायणी की भव्य झांकी दादीजी के गर्भगृह से बाहर निकाली जाएगी। साथ ही 51 थाल बजाकर दादीजी का स्वागत, पुष्प वर्षा एवं भव्य आतिशबाजी विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगे। शाम 7 बजे दादीजी की आरती के साथ धार्मिक आयोजन संपन्न होगा।
नवजात कन्याओं के लिए विशेष निवेदन
आयोजन समिति ने श्रद्धालुओं से विशेष आग्रह किया है कि जिन परिवारों में नवजात कन्या का जन्म हुआ है, वे अपनी बच्चियों को दादीजी के श्रृंगार के साथ मंदिर लेकर आएं। साथ ही छह माह तक की बच्चियों को दादीजी के स्वरूप में सजाकर लाने का भी निवेदन किया गया है।
श्री नारायणी धाम सेवा समिति के संस्थापक महेन्द्र सावी मित्तल ने समस्त श्रद्धालुओं, धर्मप्रेमियों एवं नगरवासियों से अपने परिवार और इष्ट-मित्रों सहित इस पावन जन्मोत्सव में शामिल होकर दादीजी का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की है।
स्थान: श्री नारायणी धाम दादी मंदिर, चांपा, जिला जांजगीर-चांपा, छत्तीसगढ़।
समाचार प्रस्तुति:
चंद्रशेखर पाण्डेय
YASH 24 NEWS | चांपा



